पकड़े गए ट्रेन में लूटपाट करने वाले बदमाश।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में बदमाशों ने महिलाओं से लूटपाट की। ट्रेन से कूदकर भागे दोनों बदमाशों को यात्रियों ने पीछा कर दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। बदमाशों के कब्जे से कुंडल, पाजेब और नगदी बरामद हुई है।
मोहल्ला सद्दीकनगर निवासी राजा और मोहल्ला इस्लामाबाद के रहने वाले अमीर हसन, रिजवान, जमील शुक्रवार दोपहर को परिवार की महिलाओं के साथ नोएडा जा रहे थे। ये सभी लोग रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठे। स्टेशन से ट्रेन चलने लगी तो दो बदमाश बोगी में घुस गए। इन बदमाशों ने बोगी में बैठी महिलाओं से लूटपाट करनी शुरू कर दी और मोबाइल भी लूट कर ट्रेन से कूदकर भाग निकले। ट्रेन से यात्री भी कूद पड़े और भागकर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया।
यात्रियों ने दोनों की पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बदमाशों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुंडल, पाजेब के अलावा कुछ नगदी भी मिली। इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। ये दोनों बदमाश ट्रेन में लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्य भी हो सकते हैं। शीघ्र ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।