मुजफ्फरनगर। आईएमए अध्यक्ष और वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅक्टर सुनील चौधरी को मोबाइल फोन पर कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
वरिष्ठ डॉक्टर सुनील चौधरी की दिल्ली के ग्रीन पार्क की मुख्य मार्केट में संपत्ति है। यह संपत्ति उन्होंने धर्मपाल को किराए पर दी है। उसने तीन माह का किराया नहीं दिया था। इस बारे में 25 मार्च को धर्मपाल ने अपने मोबाइल नंबर से रात में साढ़े दस बजे बात की थी।
डॉक्टर ने धर्मपाल से किराए के पैसे मांगे थे। आरोप है कि किराया मांगने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए किराया भी देने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद डॉक्टर किसी काम से विदेश चले गए थे। वहां से आने के बाद अब उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इस बारे में शिकायत की। अधिकारियों के आदेश पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए है।