कल्लरपुर में चलता मिला अवैध पेट्रोल पंप, मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। आपूर्ति विभाग ने शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्लरपुर के जंगल में छापेमारी कर एक अवैध पेट्रोल पंप पकड़ा है। मौके पर सेल्समैन पेट्रोल व डीजल बेचता मिला। विभागीय टीम ने जमीन में तीन हजार लीटर की क्षमता वाले टैंक में तीन सौ लीटर तेल भी बरामद किया। जमीन व पंप मालिक तथा सेल्समैन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिलाधिकारी को सूचना मिली थी कि शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्लरपुर के जंगल में अवैध पेट्रोल पंप चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्याम सुंदर राम को कार्रवाई के आदेश दिए। मंगलवार को दोनों अधिकारियों ने टीम के साथ दबिश दी। तो सूचना को सही पाया। टीम को इस अवैध पेट्रोल पंप पर खानपुर बुढ़ाना निवासी सेल्समैन शिव कुमार ग्रामीणों को डीजल व पेट्रोल बेचता मिला।
खेत में एक 3 हजार लीटर की क्षमता वाला टैंक भूमि में दबा मिला। इस भूमिगत टैंक में लगभग 300 लीटर डीजल मिला है। मौके से 170 लीटर पेट्रोल व डिस्पेन्सिंग मशीन, जेनेरेटर, खाली ड्रम व अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पेट्रोल व डीजल के नमूने भी लिए है। जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। मौके पर मिला सामान कल्लरपुर निवासी वीरेंद्र कुमार की सुपुर्दगी में दिया गया है। सेल्समैन ने टीम को बताया कि इस पेट्रोल पंप का मालिक खानपुर बुढ़ाना निवासी प्रदीप सैनी है। उसने गांव कल्लरपुर निवासी श्रीपाल मास्टर से पंद्रह सौ रुपये प्रतिमाह में जमीन किराए पर ले रखी है। वह पंप व मौके से मिले पेट्रोल व डीजल से संबंधित कोई दस्तावेज नही दिखा सका है। शहर कोतवाली में पंप मालिक प्रदीप सैनी, सेल्समैन शिव कुमार व भूमि मालिक श्रीपाल मास्टर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।