मुजफ्फरनगर। यूपी और उत्तराखंड में अवैध हथियारों को बेचने वाले गिरोह के दस हजार के इनामी सरगना तसव्वर सहित तीन सदस्यों को शाहपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह के तीन साथी भाग गए। आरोपियों से पांच पिस्टल सहित 16 अवैध शस्त्र व कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी बिहार के मुंगेर से पिस्टल लाकर बेचते हैं। यह गिरोह मूल रूप से हरिद्वार के थाना लक्सर क्षेत्र का रहने वाला है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने यातायात पुलिस के सभागार में बताया कि शाहपुर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह के आने की सूचना पर क्षेत्र केे मीरापुर बाईपास पर दबिश दी। वहां मौजूद आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर तसव्वर निवासी निरंजनपुर लक्सर, अरमान व इकरार निवासी सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया। उसके तीन साथी भाग गए। पुलिस ने आरोपियों से पांच पिस्टल, 10 तमंचे, एक मस्कट व कारतूस बरामद किए।
तसव्वर गिरोह का सरगना है और उस पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित है। वह पुलिस से बचने के लिए अपने गांव को छोड़ कर वर्तमान में हरिद्वार के थाना पथरी के गांव दोडवसी में रह रहा था। वह हरिद्वार के थाना रानीपुर क्षेत्र में घर में घुसकर डकैती व हत्या की घटना में शामिल रहा था। अब से पहले उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज थे। संभवत: बरामद हथियारों को आगामी प्रधानी के चुनाव में बेचने के लिए लाया गया था। गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई होगी। प्रेसवार्ता में एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, शाहपुर थाना प्रभारी मोहित चौधरी भी मौजूद रहे।
ढाई माह में 87 शस्त्र बरामद कर 37 आरोपी दबोचे
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने ढाई माह में 87 अवैध शस्त्र बरामद कर 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भोपा में पिस्टलों की बड़ी खेप पकड़ी थी। सबसे ज्यादा शाहपुर थाने में 37 शस्त्र पकड़े गए।
तसव्वर पेंटर, दो आरोपी चलाते हैं ट्रैक्टर
बताया गया कि आरोपी तसव्वर दिखाने के लिए कार पेंटर का काम करता है। उसके दोनों साथी भाड़े पर ट्रैक्टर चलाते हैं। मौके से भागे तीन साथियों को पुलिस तलाश रही है।