-नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित बैठक में सबकी सहमति से हुआ निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित बैठक में सबकी सहमति से मुख्य सड़क व बाजार में पीली पट्टी खींच कर निशान देही करने का निर्णय लिया गया। निशान देही पार कर सामान रखने, ठेली आदि खड़ी करने, फड़ बनाकर सामान बेचने वाले दुकानदार पर जुर्माना लगेगा।
नगर पंचायत कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक में कस्बे की मुख्य सड़क व बाजार में हो रहे अतिक्रमण को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण से मुख्य सड़क पर दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। बाजार में दुकानदार मुख्य सड़क पर सामान रखे हुए हैं। इस विषय पर अधिकारियों व दुकानदारों के बीच वार्ता हुई।
सबकी सहमति से निर्णय लिया गया कि मुख्य सड़क व बाजार में निशान देही हेतु पीली पट्टी खींची जाएगी। पीली पट्टी के अंदर ही दुकानदार सामान रख सकेंगे। ठेली अथवा फड़ बनाकर सामान बेचने वाले दुकानदार भी पीली पट्टी को पार नहीं करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि पीली पट्टी को पार करने वाले दुकानदार का सामान जब्त होगा व जुर्माना भी लगेगा।
इस मौके पर एसडीएम राजकुमार, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन, चेयरपर्सन पति सुबोध त्यगी, नगर पंचायत सदस्य मौजूद रहे।