खतौली में मोहित बेनीवाल से बैठक करने पहुंचे सफाई कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
‘नियमित नहीं हुए तो भाजपा को नहीं देंगे वोट’
मुजफ्फरनगर, खतौली। संविदा सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण कराए जाने का मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है। सफाई कर्मचारियों ने कह दिया कि यदि चुनाव से पहले उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो वह भाजपा को वोट नहीं करेंगे।
जीटी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल से भाजपा नेता दीपक चंद्रा ने स्थानीय निकाय के संविदा सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक बैठक आयोजित कराई। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव सुधीर कुमार वाल्मीकि के नेतृत्व में स्थानीय संविदा सफाई कर्मचारियों को एक प्रतिनिधि मंडल मोहित बेनीवाल से मिला। बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्या और अन्य मुद्दों पर बातचीत की गई। सफाई कर्मचारियों ने रिक्त पदों की भर्ती के साथ-साथ संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग रखी। प्रदेश सचिव सुधीर कुमार वाल्मीकि ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव से पहले सफाई कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं की जाती तो वह भाजपा को वोट नहीं करेंगे। सफाई कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी मोहित बेनीवाल को दिया। बैठक की अध्यक्षता दीपक चंद्रा कैराना ने की। राकेश वाल्मीकि, जुगल किशोर वाल्मीकि, अजय प्रताप वाल्मीकि, भूपेंद्र वाल्मीकि, सूरज आदि मौजूद रहे।