हैदराबाद की डा. प्रियंका रेड्डी हत्याकांड के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाते मुस्लिम समाज के ल?
- फोटो : DEVBAND
हैदराबाद प्रकरण: मदरसा छात्रों और नगरवासियों ने निकाला कैंडल मार्च
देवबंद (सहारनपुर)। हैदराबाद में चिकित्सक के साथ हुए सामूहिक बलात्कार एवं हत्याकांड पर लोगों ने आक्रोश जताया। रविवार की शाम मदरसा छात्रों एवं नगरवासियों ने कैंडल मार्च निकालकर दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाने के उपरांत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री को ज्ञापन भेजा।
रविवार को तंजीम अबना-ए-मदारिस व देवबंद अलुमनाई फेडरेशन के बैनर तले निकाले गए कैंडल मार्च की शुरुआत स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल से हुई। जिसमें सैकड़ों लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर हैवानियत करने वाले दोषियों को भेदभाव किए बिना फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। मस्जिद रशीद से शुरू हुआ कैंडल मार्च खानकाह पुलिस चौकी पर जाकर समाप्त हुआ। इस दौरान तंजीम अबना-ए-मदारिस के अध्यक्ष मौलाना मेहंदी हसन ऐनी कासमी ने कहा कि मासूम बच्चियों के साथ हैवानियत करने वालों ने बच्चियों का नहीं बल्कि पूरी इंसानियत का कत्ल किया है। हैदराबाद की बेटी देश की बेटी थीं, उनके साथ जो हुआ उससे पूरा देश शर्मसार है। कहा कि इन शर्मसार करने वाली घटनाओं ने हर खास और आम को भीतर से झकझोर कर रख दिया है। लोग अपनी बच्चियों को घरों से अकेले भेजते हुए डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का माहौल पैदा करने वालों को अविलंब फांसी की सजा दी जानी चाहिए। ताकि यह दूसरे लोगों के लिए सबक साबित हो। इससे पूर्व हस्ताक्षर मुहिम भी चलाई गई। इस मौके पर मौलाना महमूदुर्रहमान कासमी, सुफियान काजमी, नबील मसूदी, मसूद जमाल कासमी, अशफाउल्लाह, फैसल हमीद, सैय्यद हारिस, जुनैद काजमी, फैसल नूर शब्बू, अथर उस्मानी समेत मदरसा छात्र व नगरवासी मौजूद रहे।
डा. प्रियंका रेड्डी हत्याकांड के विरोध में कैंडल मार्च निकालते मुस्लिम समाज के लोग- फोटो : DEVBAND