रजबहा टूटने से सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। गांव तुगलकपुर में रजबहा टूटने से क्षेत्र की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। गांव की गलियों में भी पानी भरने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार रात क्षेत्र के गांव तुगलकपुर में रजबहे की पटरी टूटने से भारी मात्रा में पानी गांव के साथ ही जंगल में भी घुस गया। रातभर पानी बहने से गांव की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि पानी में जलमग्न हो गई। वहीं, गांव की गलियों व सभी रास्तों में भी जलभराव हो गया। शुक्रवार सुबह गांव में पानी भरा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। किसी तरह ग्रामीण पानी के स्त्रोत का पता लगाने जंगल में पहुंचे तो वहां रजबहा टूटा मिला।
इसके बाद जिला पंचायत सदस्य रजत चौधरी व पूर्व प्रधान प्रताप सिंह ने सिंचाई विभाग को इसकी सूचना दी, जिस पर विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर रजबहा पटरी की मरम्मत कर पानी बहना बंद किया। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त रजबहा उत्तराखंड से आ रहा है जो गांव हरिनगर से गांव गोधना, तुगलकपुर होते हुए भोपा क्षेत्र के गांव सीकरी व मोरना से होकर निकलता है। रातभर रजबहे से पानी बहने के कारण गांव के सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों की फसलें भी प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई है।