संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत को लेकर राज्य मानव अधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग के सदस्य की ओर से सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया को लिखे गए पत्र में बच्चे की मौत से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बुढ़ाना के ग्रीन हॉस्पिटल में 18 सितंबर को शामली निवासी मनु पुंडीर के डेढ़ वर्षीय पुत्र आदित्य को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान बच्चे की मौत पर परिजनों ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
हिंदू संघर्ष समिति की ओर से 12 अक्तूबर को सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर हॉस्पिटल सील किए जाने की मांग की गई थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हॉस्पिटल सील कर दिया था, लेकिन जांच में क्लीन चिट मिलने पर सील खोल दी गई थी। इसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से जांच रिपोर्ट पर सवाल खड़ा करने पर सीएमओ ने एसीएमओ डॉ.दिव्या वर्मा की अध्यक्षता पुन: जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया था। उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए पीड़ित पक्ष की ओर से शनिवार को सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया गया।
एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश मानव अधिकार आयोग लखनऊ की ओर से राइट्स एक्टिविस्ट संस्था गाजियाबाद के राजहंस बंसल की शिकायत पर संज्ञान लिया गया है। जिस पर आयोग सदस्य ब्रज भूषण की ओर से निर्देश जारी करते हुए 22 जनवरी 2027 तक मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
डॉ. अबु बकर ने तोड़ा ग्रीन हॉस्पिटल से नाता
ग्रीन हॉस्पिटल बुढ़ाना में पीडियाट्रिशियन की हैसियत से सेवाएं दे रहे डॉ. अबु बकर ने अपने आपको हॉस्पिटल से अलग कर लिया है। उनकी ओर से सीएमओ कार्यालय में लिखकर दिया गया है कि ग्रीन हॉस्पिटल से उनका पंजीकरण समाप्त कर दिया जाए। बच्चे की मौत के मामले में चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगा था।