मंसूरपुर। पुलिस ने मुबारिकपुर के जंगल में अवैध पटाखे बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को बने हुए पटाखे तथा कच्चे माल के साथ गिरफ्तार किया है। पटाखों की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच अधिकारी थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि मुबारिकपुर के जंगल में अवैध पटाखे बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर बताए गए स्थान की घेराबंदी की। जंगल में चारदीवारी कर टीन शेड डाल रखा था।
वहां पिछले दो महीने से पटाखे बनाए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी उत्कर्ष त्यागी तथा बालाजी धाम शाहपुर निवासी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 1080 किलो पटाखे, 50 किलो गंधक तथा 25 किलो बारूद और पटाखे बनाने का अन्य सामान बरामद किया है।
टीन शेड जहां पर पटाखे बनाए जा रहे थे मुबारिकपुर निवासी उत्कर्ष त्यागी का है। पुलिस जांच में सामने आया कि पटाखों को बेचने के लिए किसी कंपनी से बात चल रही थी कंपनी अपना लेबल लगाकर दिवाली पर्व पर उन्हें बाजार में बेचती। बरामद पटाखों की कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया गया है।