देवबंद(सहारनपुर)। कोतवाली में बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव बीएल मीणा ने एक महिला दरोगा से महिला अपराध में एफआईआर कैसे होती है के संबंध में पूछा तो वह जवाब ही नहीं दे पाईं। जिसके चलते नोडल अधिकारी ने उन्हें कार्यालय से बाहर जाने को कह दिया।
प्रदेश सरकार लगातार आईटी सिस्टम का दायरा बढ़ाकर सरकारी महकमों विशेषकर पुलिस विभाग को हाईटेक करने का काम कर रही हैं। इसके साथ ही जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए ऑनलाइन एफआईआर एप भी लांच की गई है। ताकि जनता की शिकायतों का निस्तारण आसानी से हो सके। बृहस्पतिवार को कोतवाली में प्रमुख सचिव पशुधन बीएल मीणा ने एक महिला दरोगा से पूछा कि महिला अपराध की एफआईआर कैसे होती है? जिस पर महिला दरोगा कोई जवाब नहीं दे सकी। इस दौरान वहां मौजूद एसएसआई ने मामले को संभालते हुए नोडल अधिकारी को बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाती है। जिस पर नोडल अधिकारी ने महिला दरोगा को कार्यालय से बाहर जाने को कह दिया। सांस रोके खड़ी महिला दरोगा मुंह नीचे कर कार्यालय से बाहर निकली और पसीना पोंछते हुए लंबी सांस ली।