शुकतीर्थ में समनदास महाराज पुण्यतिथि मनाते हुए।
- फोटो : KHATAULI
मोरना। तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित संत शिरोमणि रविदास सतगुरु समनदास आश्रम में सतगुरु समनदास महाराज की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। आश्रम के संतों व भक्तों ने सतगुरु समनदास महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। मंगलवार को आश्रम के प्रबंधक एवं सतगुरु समनदास महाराज के प्रमुख शिष्य महात्मा गोरधन दास महाराज ने कहा कि सतगुरु समनदास महाराज ने जीवन भर समाज के लोगों को मांस मदिरा से दूर रहने का संदेश दिया। देश के विभिन्न राज्यों में सत्संग कार्यक्रम आयोजित कर अनेक लोगों को मांस मदिरा को त्यागने का संकल्प दिलाया।
हरियाणा के कैथल से आए स्वामी निरंजदास महाराज ने कहा कि सतगुरु समनदास महाराज ने अपना जीवन समाज को दिशा देने में लगाया है। ऐसे महान संत को हमें शत-शत नमन करना चाहिए। कार्यक्रम को यमुनानगर से आए शारदादास महाराज, अजब दास, श्याम दास ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व साधु-संतों तथा भक्तों ने सत गुरु समनदास महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पूजा अर्चना कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में संदीप दास, श्याम सिंह, दीन दयाल, मुकेश, सचिन, मोनू, मंगल दास आदि मौजूद रहे।