देवबंद। अयोध्या में श्री रामजन्मभूमि प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले का सभी धर्मों के लोगों को सम्मान करना चाहिए। क्योंकि शीर्ष अदालत का फैसला लंबे वर्षों के उपरांत सबके सामने आने वाला है। इसलिए लोग फैसले का सम्मान करते हुए शांति व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने में शासन प्रशासन को अपना सहयोग दें।
श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा ने उक्त विचार व्यक्त करते हुए सभी धर्मों के लोगों से अदालत के फैसले का सम्मान करने की आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। क्योंकि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों से सचेत रहें। शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सब का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन को चाहिए कि जो भी व्यक्ति अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास करता है उसे चिह्नित कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की करे। नगर ही नहीं देहात क्षेत्र में भी प्रशासन को कड़ी सतर्कता बरतनी चाहिए। पंडित सतेंद्र शर्मा ने हिंदू-मुस्लिम समाज के गण्यमान्य लोगों से भी आह्वान किया कि वह भी अदालत के फैसले के दौरान शासन प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग दें। इस मौके पर डा. विश्वनाथ गौतम, इंद्रपाल सिंह राणा, राजेंद्र त्यागी, सोनू कुमार, वैभव शर्मा, लक्की त्यागी आदि मौजूद रहे।