नगर में फॉगिंग कराती पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चेयरपर्सन को किया गया होम क्वारंटीन
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को रविवार शाम उनके मीका विहार स्थित आवास में होम क्वारंटीन कर दिया गया है। चेयरपर्सन के साथ ही उनके सात परिजनों को भी 14 दिन तक घर में ही रहना होगा।
लॉकडाउन के दौरान नगरपालिका चेयरपर्सन पिछले कुछ समय से लगातार शहर में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहीं हैं। इसके साथ ही वे विभिन्न मोहल्लों में घूमकर सफाई कार्य में जुटे सफाईकर्मियों व अफसरों का भी हौसला बढ़ा रहीं हैं। इसी क्रम में कुछ दिन पूर्व वे सफाई व्यवस्था का जायजा लेने खालापार क्षेत्र में भी गईं थीं। शनिवार को किदवईनगर की मस्जिद में ठहरे जमाती के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद किदवईनगर के साथ ही मुगल गार्डन व खालापार, दक्षिणी खालापार क्षेत्र को सील कर दिया गया है। रविवार शाम जिला प्रशासन ने पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को भी उनके जानसठ रोड स्थित मीका विहार में उन्हीं के आवास में होम क्वारंटीन कर दिया है। चेयरपर्सन के साथ ही उनके परिवार के सात सदस्यों को भी 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। इस संबंध में नोटिस चेयरपर्सन के घर पर चस्पा कर उन्हें घर से बाहर न निकलने और उनसे घर किसी के नहीं जाने संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
राजनीति से प्रेरित है मामला
नगरपालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने होम क्वारंटीन किए जाने के मामले को राजनीति से प्रेरित बताया है। चेयरपर्सन का कहना है कि किदवईनगर में जिस क्षेत्र में जमाती कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, उस क्षेत्र में वे कभी नहीं गईं। वे तो सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए सफाईकर्मियों व अफसरों का उत्साह बढ़ा रहीं थीं। खुद मौके पर जाकर सफाई, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं करा रही थी। यदि उन्हें होम क्वारंटीन किया जाता है तो ऐसे में उस क्षेत्र में काम करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को भी होम क्वारंटीन किए जाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने शहर की व्यवस्था को दुरुस्त रखना है। इसलिए अब घर पर रहकर ही पूरा काम करेंगी।