मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा आज से शुरू होगी। 27 अप्रैल तक दो पालियों में परीक्षा चलेगी। परीक्षा को व्यवस्थित ढ़ग से कराने के लिए शहर में 17 केंद्रों पर तैयारियां कर ली गई हैं। प्रत्येक पाली में 7920 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन दिन चलने वाली परीक्षा में 47520 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि विद्यालयों और महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को नकल-विहीन कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी की निगरानी में पूरी परीक्षा प्रक्रिया संपन्न होगी। परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
-
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा, छात्रों का अवकाश
शहर में चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज, चौधरी छोटूराम पीजी कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, डीएवी पीजी कॉलेज, दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज, गांधी पॉलिटेक्निक, इस्लामिया इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज पटेलनगर, जैन इंटर कॉलेज मीनाक्षी चौक, कन्या इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म महाविद्यालय, एसडी इंटर कॉलेज रोडवेज ए ब्लॉक, और बी- ब्लॉक, एसडी कन्या पाठशाला गांधी कॉलोनी और वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा का आयोजन होगा। प्रधानाचार्या डॉ. राजेश कुमारी ने बताया कि तीन दिन तक दो पालियों में परीक्षा के कारण विद्यालय के छात्र-छात्राओं का अवकाश किया गया है।
- परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट
मुजफ्फरनगर। होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात पुलिस बल दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने, समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, वर्दी में अनुशासन बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।