पुरकाजी। खादर के ग्राम भदौला गांव में एक घर में मगरमच्छ घुस आने से अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर सात फुट लंबे मगरमच्छ को रस्सी में बांध लिया। सूचना पर वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। मगरमच्छ को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर हस्तिनापुर वन्य अभ्यरण्य भेजा गया।
घटना सोमवार सवेरे करीब आठ बजे की है। गांव में सुखबीर के घर में अचानक एक मगरमच्छ घुस आया, जिसे देखकर घर में मौजूद लोग सहम गए। उन्होंने लाठी-डंडों से मगरमच्छ को भगाना चाहा, लेकिन वह टॉयलेट में घुस गया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए और मगरमच्छ को बड़ी मुश्किल से काबू किया। घटना की जानकारी मिलने के घंटों बाद वन विभाग के कर्मचारी और पुलिस गांव पहुंची, जिन्हें ग्रामीणों ने खरीखोटी सुनाई। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाद लिया और हस्तिनापुर वन्य अभ्यरण्य भेज दिया गया।