जरूरी सामान की होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारु
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमित जमाती मिलने के बाद सील किए गए नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरनगर-बिलासपुर में रविवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। लोगों को घरों में रहने के निर्देश देते हुए जरूरी सामान की आपूर्ति सुनिश्चित कराते हुए होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारु करा दी गई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरनगर में आए एक जमाती की जांच रिपोर्ट तीन दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। इसके चलते शेरनगर गांव के साथ ही एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले निकटवर्ती गांव बिलासपुर को भी पुलिस-प्रशासन ने सील कर दिया था। बल्लियां लगाकर पूरे गांव को सील करते हुए दमकल विभाग की मदद से गांव को सैनिटाइज करने का काम भी शुरू कर दिया गया था। रविवार सुबह पुलिस फोर्स ने गांव शेरनगर-बिलासपुर में फ्लैगमार्च किया। सीओ नई मंडी धनंजय कुशवाहा और इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी के नेतृत्व में किए गए फ्लैगमार्च में पुलिस बल के साथ ही आरआरएफ व पीएसी के जवान भी शामिल रहे। इस दौरान सभी ग्रामीणों को अपने घरों में ही रहने के निर्देश दिए गए। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि जरूरी सामान की घर-घर आपूर्ति कराने के लिए होम डिलीवरी व्यवस्था को भी सुचारू कर दिया गया है। किसी को भी घर से निकलने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच में लगी हुई हैं।