मुजफफरनगर। हिस्ट्रीशीटर अपराधी ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने के बाद मायके में जाकर उसे तीन तलाक दे दिया। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने के बाद पीड़िता का मुकदमा दर्ज हो सका। शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
खालापार क्षेत्र निवासी महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर बताया कि उसकी शादी 22 अगस्त 2017 को किदवई नगर निवासी हिस्ट्रीशीटर अपराधी सदाकत के साथ हुई थी। शादी में एक लाख नगद व एक बाइक देते हुए आठ लाख रुपये खर्च किए थे। उससे दो लाख रुपये व कार की माग की जाने लगी।
उसने एक बेटी को जन्म दिया। उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। महिला का आरोप है कि उसका पति खालापार थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। 19 जनवरी 2025 को पति, जेठ अशरफ, ससुर अनील, सास शकीला व ननद रेशमा, शराबा, सहाना, गुलशन मायके में आए। कार व दो लाख रुपये की मांग की।
आरोप है कि सास के कहने पर उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। फांसी का फंदा लगाकर उसे मारने का प्रयास किया गया। सभी आरोपी उसकी बेटी को उठाकर ले गए। पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे गए। सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।