मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी गांव के पास सोमवार रात में गोवंश का अवशेष मिला। इस घटना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर रोष व्यक्त किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बजरंगी सेना के कार्यकर्ता मुकेश कुमार सोमवार रात पचैंडा मार्ग से गुजर रहे थे। गोशाला के पास उन्हें सड़क पर गोवंश का अवशेष पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना अपने संगठन के अध्यक्ष सुमित बजरंगी को दी। सुमित बजरंगी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और अवशेष देखकर नाराजगी जताई। आसपास के लोग भी वहां एकत्र हो गए। नई मंडी कोतवाली की जेल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवशेष को हटवाया। कार्यकर्ताओं ने गोकशी कर अवशेष फेंकने का आरोप लगाया।
सीओ नई मंडी सुनील कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। मुकेश कुमार ने नई मंडी कोतवाली पुलिस को घटना के संबंध में तहरीर दी है। सीओ सुनील कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।