देवबंद यूनानी मेडिकल कॉलेज में कौमी सम्मेलन में विचार रखते मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक इंद
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार ने कहा कि हम दुनिया के किसी भी हिस्से में चले जाएं हमारी पहचान धर्म से नहीं बल्कि हमारे मुल्क से होगी। उन्होंने लोगों से भारतीयता को बचाने एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।
करंजाली रोड स्थित देवबंद यूनानी मेडिकल कॉलेज में कौमी एकता सम्मेलन में इंद्रेश कुमार ने कहा कि हमारा लक्ष्य हिंदू-मुस्लिम को एक साथ जोड़कर यह बताना है कि हमारे पूर्वज एक ही हैं। हमारी परंपरा समान है और हमारे रीति रिवाज भी एक हैं, क्योंकि मूल रूप से हम एक ही डीएनए से संबंधित हैं। इंद्रेश कुमार ने कहा कि अच्छा मुसलमान वही हैं जो अपने मुल्क से मोहब्बत करे। इस्लाम मजहब भी यही शिक्षा देता है। सम्मेलन में कर्नल राजीव सिंह रावत, तुषारकांत, मौलाना अब्दुल लतीफ कासमी व स्वामी सिंधु राज आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के जिला संयोजक राव मुशर्रफ अली को उनके परिवार के साथ राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस मौके पर संस्था के चेयरमैन डॉ. कमरुज्जमा कुरैशी, अनवर इंजीनियर, डॉ. अजीमुल हक, राव शारिक, मुर्तजा कुरैशी, शाहनवाज सलमानी, अहसान अंसारी, जुल्फिकार बेग, रेखा, ओमपाल व अफजाल आदि रहे। कार्यक्रम के बाद में इंद्रेश कुमार ने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ताओं के साथ श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर जाकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।