मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर गांव घासीपुरा में सड़क पार कर रहे ग्रामीण को किसी वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। ग्रामीण की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया।
मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने और वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को मदद दिलवाने और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद शव उठाने दिया। डेढ़ घटे बाद तब जाम खुला।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव घासीपुरा निवासी ओमी (42) पुत्र भुल्लन मंगलवार सुबह करीब 7.30 बजे लकड़ी लेकर गांव के सामने नेशनल हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक मुजफ्फरनगर की ओर से खतौली की ओर तेजी से जा रहे किसी वाहन ने उसको चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे में ओमी की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण की मौत की जानकारी पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि ओमी मजदूर था। ग्रामीण जाम लगाकर मृतक परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने तथा वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव उठाने का प्रयास किया, तो ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए शव नहीं उठने दिया।
वे मौके पर अधिकारियों के बुलाने की मांग करने लगे। इस पर इंस्पेक्टर मंसूरपुर केपीएस चाहल ने ग्रामीणों की अधिकारियों से वार्ता कराई। अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों को यथासंभव आर्थिक मदद दिलवाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने जाम खुला और शव को उठाने दिया। जाम खुलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के बेटे अंकित की ओर से अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लाइन लगी ः मंसूरपुर। हादसे के बाद ग्रामीणों द्वारा जाम लगाने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की लाइन लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहने से जाम में फंसे यात्री हलकान रहे। जाम के दौरान फंसे छोटे वाहन चालकों ने देहात के संपर्क मार्गों से निकलने का प्रयास किया, मगर कोहरे के कारण अंजान रास्तों पर वे भी भटकते फिरते रहे।
कोहरे के कारण भोपा रोड पर हुआ हादसा
मंसूरपुर। जिस समय हादसा हुआ उस समय घना कोहरा पड़ रहा था। ओमी जैसे ही हाईवे पार करने लगा, तो तभी कोई वाहन उसे टक्कर मार कर फरार हो गया। कोहरे के कारण ही ग्रामीण हादसा करने वाले वाहन को भी नहीं देख सके।
ट्रक ने बाइक सवारों का रौंदा, एक की मौत
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर गांव मखियाली के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने दो बाइकों पर सवार चार युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोहरे के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक ने पहले एक और इसके बाद दूसरी बाइक को चपेट में लेकर युवकों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सौंप दिया।
उक्त हादसा मंगलवार सुबह नई मंडी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोपा रोड पर गांव मखियाली के पास हुआ। कोहरे में एक ट्रक तेज से जा रहा था। उसने आगे चल रही बाइक को चपेट में लेकर बाइक सवार मोनू (18) निवासी सिंभालकी, छपार और उसके साथी रोहित निवासी सोफीपुर को कुचल दिया।
इसके बाद चालक तेजी से ट्रक लेकर भागा और आगे चल रही दूसरी बाइक को भी चपेट में लेकर बाइक सवार सुमित पुत्र राजीव निवासी छछरौली, थाना भोपा और उसके साथी उज्ज्वल पुत्र सूरत निवासी चौरावाला, थाना ककरौली को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने चारों घायल युवकों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां पर डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। उकसे दत्तक पिता सिंभालकी निवासी ब्रह्म सिंह की ओर से पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में लगी है।
मोनू को गोद लिया था
मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के गांव सिंभालकी ब्रह्मसिंह ने मोनू को गोद लिया था, तब वह चार साल का था। मोनू वर्तमान में जेसीबी चलाता था। मंगलवार सुबह भी वह हादसे के समय अपने काम पर जा रहा था। मोनू की मौत से परिजनों पर गमों का पहाड़ टूटा है।