बुढ़ाना। जाति प्रमाण-पत्र जारी नहीं होने से नाराज कोरी समाज के लोग एसडीएम से मिले और कहा कि शासनादेश के बाद भी उनके समाज के युवाओं के जाति प्रमाणपत्र नहीं बनाए जा रहे हैं।इस दौरान उन्होंने शासनादेश की कॉपी भी प्रस्तुत की।
शुक्रवार को तहसील मुख्यालय में कोरी समाज के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी व तहसीलदार सतीश चन्द बघेल से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बुढ़ाना तहसील से उनके जाति प्रमाण-पत्र जारी नही हो रहे हैं। लेखपाल अपनी रिपोर्ट देने में आनाकानी करते हैं। जाति प्रमाणपत्र नहीं मिलने से समाज के युवक व युवतियों को नौकरी के लिए आवेदन करने तथा उच्च कक्षाओं में प्रवेश लेने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें जाति का लाभ नही मिल पाता।
सहारनपुर से आए युवा हिंदू एकता समिति के अध्यक्ष शिवकुमार कोरी ने दोनों अधिकारियों को बताया कि सभी तहसील में कोरी समाज के लोगों के जाति प्रमाणपत्र जारी हो रहे हैं लेकिन बुढ़ाना तहसील में प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जाते। लेखपाल भी उच्चाधिकारियों को अपनी रिपोर्ट देने में आनाकानी करते हैं। उन्होंने शासनादेश की कॉपी भी अधिकारियों को दिखाई।
उपजिलाधिकारी ने कोरी समाज के लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर अनिल कुमार, दिनेश कुमार, आयुष, विनोद कुमार, सुमित कुमार, मदन और रमेश मौजूद रहे।