खतौली(मुजफ्फरनगर)। मेजर ध्यानचंद खेल यूनिवर्सिटी सलावा के शिलान्यास समारोह की तैयारियां तेज हो गई है। खेड़ी रांघडान में बनाए गए हेलीपैड पर वायुसेना ने हेलीकॉप्टर उतारकर रिहर्सल किया। तीन बार यहां हेलीकॉप्टर उतारकर देखे गए। एसपीजी के एडीजी आलोक कुमार गांव पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
खतौली विधानसभा के गांव खेड़ी रांघड़ान उर्फ खेड़ी राजपूतान में दो हेलीपैड और वीआईपी पार्किंग वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। शुक्रवार को एसपीजी के एडीजी आलोक कुमार, एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल, आईजी मेरठ प्रवीण कुमार, एसएसपी मुजफ्फरनगर अभिषेक यादव ने हेलीपैड और पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। एडीजी आलोक कुमार ने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। क्षेत्र में किए गए सुरक्षा के इंतजाम के विषय में पूछा। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी ने पुलिस अधिकारियों की मीटिंग ली है।
मुजफ्फरनगर पुलिस-प्रशासन पहुंचा खेड़ी
मेरठ के सरधना की सीमा से लगे जिले के आखिरी गांव खेड़ी राजपूतान में दिनभर जिले के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी अभिषेक यादव, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम खतौली और सीओ खतौली ने व्यवस्थाएं संभाली।
खुफिया विभाग और बम निरोधक टीम पहुंची
खेड़ी रांघडान में एसपीजी के अलावा स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवॉयड ने चेकिंग अभियान चलाया। हेलीपैड के एरिया में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
मुजफ्फरनगर : खेड़ी राजपूतान गांव में हेलिपैड पर लैंड करते हेलीकाप्टर।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर : खेड़ी राजपूतान गांव में हेलिपैड के निर्माण कार्य के दौरान मौजूद पुलिस।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर : खेड़ी राजपूतान गांव में हेलिपैड पर जांच करती डॉग स्क्वॉड टीम।।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर : खेड़ी राजपूतान गांव में हेलिपैड निर्माण कार्य करते मजदूर।- फोटो : MUZAFFARNAGAR