मुजफ्फरनगर। मौसम विभाग ने तीन से सात अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कंट्रोल रूम का नंबर जारी कर दिया गया है। कांवड़ मार्ग पर एहतियात बढ़ाई जा रही है। डीएम उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने सभी उप जिलाधिकारियों को राहत कार्यों की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रशासन ने चिह्नित स्थानों पर राहत शिविर तैयार रखने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को सुरक्षित पहुंचाया जा सके। गांव स्तर पर सतर्कता और आपदा प्रबंधन समितियों को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों को जनहानि व नुकसान कम करने के लिए त्वरित राहत कार्य शुरू करने को कहा गया है।
-
एडवाइजरी जारी, समस्या आए तो यहां करें संपर्क
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। बिजली के खंभों और टूटे तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वाहन चलाते समय गति धीमी रखें और पानी भरी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना चौबीसों घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9412210080 और टोल-फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है।