टैंकर में लगी आग और उठता धुआं।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सहावली में तेल टैंकर में लगी भीषण आग
मुजफ्फरनगर। एटूजेड रोड पर गांव सहावली के निकट स्थित गोदाम में बुधवार सुबह फ्यूल ऑयल (काला तेल) के टैंकर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह हुई कि पूरा टैंकर व उसमें लदा करीब पांच हजार लीटर ऑयल जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गया। गोदाम में फ्यूल ऑयल का अवैध रूप से भंडारण किए जाने की बात सामने आई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन विहार निवासी पवन बंसल नमकीन कारोबारी हैं। पवन बंसल का एटूजेड रोड स्थित गांव सहावली के पास चिप्स व नमकीन का गोदाम है, जिसमें फ्यूल ऑयल का भी अवैध रूप से भंडारण किया जाता है। दो दिन पूर्व पवन बंसल ने दिल्ली निवासी मनोज सिंघल से करीब पांच हजार लीटर फ्यूल ऑयल खरीदा था, जिसे रामराज नामक चालक टैंकर में लेकर बुधवार सुबह गोदाम पर पहुंचा था। जब टैंकर से फ्यूल ऑयल को खाली किया जाने लगा, अचानक ऑयल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक आग बुझाने का प्रयास किया जाता, फ्यूल ऑयल ज्वलनशील होने के कारण लपटें तेज हो गईं, जिन्होंने पूरे टैंकर को चपेट में ले लिया। इस पर चालक रामराज ने जलते टैंकर से कूदकर बमुश्किल जान बचाई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। तेल लदे टैंकर में आग लगने की सूचना पर सीएफओ रमाशंकर तिवारी, एफएसओ ऋषभ पंवार के साथ ही मंडी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दमकल विभाग ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैंकर व उसमें लदा फ्यूल ऑयल जलकर पूरी तरह से नष्ट हो चुका था। पवन बंसल ने बताया कि अग्निकांड में उनका करीब तीन लाख रुपये कीमत का ऑयल जलकर नष्ट हुआ है।