गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डाला डेरा
खतौली। रविवार को एक गांव में कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोर्चा संभाल लिया। सोमवार सुबह से ही टीम ने गांव में सर्वे शुरू कर दिया। घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और पूछताछ की।
रविवार को क्षेत्र के गांव का निवासी रिटायर सैनिक कोरोना पॉजिटिव मिला था। उसके परिवार को क्वारंटीन कर दिया गया है। पूरे गांव को सैनिटाइज करने के बाद सील कर दिया गया। कोरोना पॉजिटिव को बेगराजपुर में भर्ती कराया गया था। खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जिले से आए चिकित्सकों ने रात में ही बैठक कर अपनी तैयारी पूरी कर ली थी। सोमवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की दस टीमें गांव में पहुंच गईं। उन्होंने घर-घर जाकर सभी ग्रामीणों से जानकारी लेकर उनका डाटा तैयार करना शुरू कर दिया। बताया कि कोई ग्रामीण कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया होगा तो उनकी जांच कराई जाएगी। अन्य व्यक्तियों की सामान्य जांच होगी।