पुलिस लाइन में हेडकांस्टेबल को सलामी देते एसपी सिटी।
- फोटो : अमर उजाला
तितावी क्षेत्र के बघरा बिजलीघर स्थित महाराजा होटल के पास एक कार ने बघरा चौकी के हेडकांस्टेबल को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार सवार युवती समेत तीन को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस लाइन में लाया गया। जहां एसपी सिटी समेत पुलिस अधिकारियों ने सलामी दी।
बघरा चौकी पर तैनात हेडकांस्टेबल हारुण अली शनिवार रात चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह, दरोगा बाबूलाल शर्मा और अन्य साथी सिपाहियों संग रात तीन बजे मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर चेकिंग करा रहे थे। एक कार को आता देख कर हारुण ने कार को रुकने का इशारा किया। तेज गति होने के कारण कार ने हारुण को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी की हेड कांस्टेबल कार के शीशे से टकराया और वहीं, पर दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद चालक कार को लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करके कार को धौलरा के निकट से पकड़ लिया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकाल, जबकि पुलिस ने कार में बैठे तीन युवकों और एक लड़की को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए सभी हरियाणा के निवासी हैं और म्यूजिक एल्बम बनाकर हरिद्वार से लौट रहे थे। फरार कार चालक राहुल रोहतक का निवासी है।
हेड कांस्टेबल की मौत से थाना तितावी में शोक छाया गया। मृतक हेड कांस्टेबल हारूण अली मूल रूप से हापुड़ के सिंभावली थाने के हिम्मतपुर गांव का निवासी था। पुश्तैनी गांव सोंटा रसूलपुर थाना बाबरी जिला शामली है। वह अपने पीछे मृतक दो लड़के, लड़की और पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। हारुण एक दिलेर और ईमानदार मेहनती दीवान था। तीन साल से तितावी थाने की बघरा पुलिस चौकी पर तैनात था। कार चालक के विरुद्ध चौकी इंचार्ज बघरा गजेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है।