मुजफ्फरनगर में सीओ सिटी का घेराव करते भाजपाई।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भाजपा नेता से यातायात पुलिस के एचसीपी ने की अभद्रता, सस्पैंड
मुजफ्फरनगर। बृहस्पतिवार को दोपहर के समय बाइक पर जा रहे भाजपा नेता के साथ यातायात पुलिस के एचसीपी ने अभद्रता की। भाजपा नेता ने मारपीट का आरोप लगाया है। एचसीपी को सस्पैंड करने की मांग कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी यातायात के कार्यालय पर हंगामा किया। सिविल लाइन थाने में तहरीर दी। एसएसपी ने एचसीपी को सस्पैंड कर जांच शुरू कराई है।
कृष्णापुरी निवासी दीपक कुमार भाजपा नगर मंडल में मंत्री है। वह दोपहर के समय बाइक पर महावीर चौक से मीनाक्षी चौक की तरफ जा रहे थे। इसी बीच यातायात पुलिस के एचसीपी ने उन्हें रोक लिया और बाइक की चाबी निकाल ली। इसी बात को लेकर विवाद बन गया।
भाजपा नेता ने मामले की सूचना देकर अपने साथियों को बुला लिया। तब दर्जनों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एसपी यातायात के कार्यालय पर पहुंचे, वहां हंगामा किया। टीएसआई वीर अभिमन्यु ने उन्हें समझाया। बाद में सभी कार्यकर्ता थाना सिविल लाइन पहुंचे और एचसीपी पर गंभीर आरोप लगाये। पीड़ित ने कहा, कि उनकी चेन भी कहीं गिर गई है। थाना पुलिस को तहरीर दी गई। सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने थाने पहुंच कर वार्ता की। सभी कार्यकर्ताओं ने एचसीपी को सस्पैंड करने की मांग की। सीओ ने कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी एसएसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि यातायात पुलिस में तैनात एचसीपी राजीव को सस्पैंड कर जांच शुरू करा दी है।