ओलंपिक में भारत को जेवलिन थ्रो में पहला गोल्ड मिलने पर मुजफ्फरनगर के स्पोटर्स भाला से विययी चिन?
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मनाई खुशी
मुजफ्फरनगर। टोक्यो ओलंपिक में पहली बार एथलेटिक्स में जेवलिन थ्रो में भारत को स्वर्ण पदक मिलने पर खिलाड़ियों की खुशी का ठिकाना नहीं है। देश के लिए जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा के सोना जीतने और कुश्ती में बजरंग पूनिया के कांस्य पदक जीतने पर खिलाड़ियों ने कहा कि दोनों ने देश को ऐसा उपहार दिया है, जो इतिहास बन गया। दोनों ने देश का नाम रोशन कर दिया।
चौधरी चरणसिंह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक की स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते रहे। पहले कुश्ती में बजरंग पूनिया ने कांस्य पदक जीता। इसके बाद भाला फेंक में हरियाणा के ही नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीता। नीरज के सोना जीतते ही खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। उन्होंने तिरंगे संग मैदान में दौड़ लगा कर खुशी मनाई। जेवलिन थ्रो नेशनल खिलाड़ी अनमोल राणा ने कहा कि हमने पहली बार भाला फेंक में पदक जीता है। बारह साल पहले निशानेबाजी में अभिनव बिंद्रा ने गोल्ड जीता था। जेवलिन थ्रो के खिलाड़ी भूपेंद्र देव, विपिन पंवार, सचिन पंवार, सोबीर राणा ने जश्न मनाया। एथलेटिक्स आकाश, शिखर, विक्षिप बालियान, विजयपाल, कुलदीप अहलावत ने कोच फुलेंद्र के साथ खुशी मनाई। पहलवान नरेंद्र, सुहेल, पार्थ त्यागी, आजम, अंकुर, अक्षय गौरव, दीपक ने कोच नदीम के साथ जश्न मनाया।