मुजफ्फरनगर/मंसूरपुर। दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे-58 पर जड़ौदा गांव के पास हुए हादसे में एक जायरीन महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत सात परिजन गंभीर घायल हो गए। पीड़ित परिजन मेरठ के इंचौली और लावड़ कसबे से कार द्वारा जियारत के लिए रुड़की के पास पिरान कलियर शरीफ जा रहे थे। शुक्रवार सुबह हाईवे पर घने कोहरे के कारण हादसा हुआ। सभी घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मेरठ के कसबा इंचौली निवासी अजीम पुत्र अहतेशाम अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ वैगनआर कार से शुक्रवार सुबह जियारत के लिए उत्तराखंड में रुड़की के पास पिरान कलियर शरीफ जा रहा था। कार आरिफ चला रहा था। सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था। सुबह करीब साढ़े सात बजे जब उनकी कार मंसूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव जड़ौदा के पास पहुंचे तभी कार के आगे चल रही रोडवेज की अनुबंधित बस के चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिस पर कार चालक ने भी ब्रेक लगाए।
इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार लावड़ निवासी भसीन की पत्नी अनम (40) की मौके पर मौत हो गई तथा अजीम (32) उसकी पत्नी तबस्सुम (30), बेटी आलिया (9), बेटे जैद (11), मुदस्सिर (7), फरजाना (36) पत्नी मेहताब तथा चालक आरिफ गंभीर घायल हो गए। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। बच्चों और महिलाओं की चीख पुकार सुनकर राहगीरों और बस में सवार यात्रियों ने उन्हें किसी तरह से बाहर निकाला और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर वहलना
चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचवाया।
बाद में मंसूरपुर पुलिस ने मौके पर आकर महिला के शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भिजवाया। वहीं, इस मामले में मृतका के पति की ओर से मंसूरपुर थाने पर ट्रक चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है। हादसे की खबर मिलने पर परिजन भी मौके पर आ गए थे।