मुजफ्फरनगर। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, मंडलायुक्त अटल कुमार राय, डीएम उमेश मिश्रा और उद्यमियों ने आईटीआई में गेस्ट हाउस का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि यहां मीटिंग हॉल, पार्किंग की सुविधा होगी।
शनिवार को मेरठ रोड स्थित राजकीय आईटीआई में कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि राजकीय आईटीआई परिसर प्रदेश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की किसी भी आईटीआई में ऐसा मीटिंग हॉल, पार्किंग सहित गेस्ट हाउस नहीं है, जैसा कि यहां बनने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रचलित उद्योगों और तकनीकी एवं व्यावसायिक शैक्षणिक संस्थानों आदि के समन्वय से ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय युवाओं में कौशल क्षमता वृद्धि के उद्देश्य मुजफ्फरनगर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, के रूप में विकसित करने का निर्णय भी शासन की ओर से लिया गया है, जिसका अतिशीघ्र शिलान्यास किया जाएगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.वीरपाल निर्वाल, आईटीआई प्रधानाचार्य मुकेश प्रताप सिंह, अंकित सिंघल, अशोक कुमार, भीमसेन कंसल शामिल रहे।