कुरालसी गांव में गणतंत्र दिवस की परेड़ में प्रतिभाग करने वाली छात्रा हुई सम्मानित।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
अदिति राणा का अपने गांव में भव्य स्वागत
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। राजकीय स्नातक महाविद्यालय नोएडा की बीएससी की छात्रा ने एनसीसी कैडेट के रूप में गणतंत्र दिवस की परेड में प्रतिभाग किया। अपने पैत्रक गांव कुरालसी पहुंचने पर छात्रा का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की बेटी ने अपना व गांव का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरालसी की रहने वाली अदिति राणा राजकीय स्नातक महाविद्यालय नोएडा में बीएससी की छात्रा है। वह एनसीसी की कैडेट भी है। गणतंत्र दिवस की परेड में पूरे प्रदेश की ओर से एनसीसी कैडेट के रूप में अकेली अदिति राणा ने प्रतिभाग किया। उसने परेड का नेतृत्व किया। उसके पिता ब्रजपाल सिंह सामान्य परिवार के है, खेती करते है। परेड में भाग लेने के बाद अदिति राणा कालेज से पहली बार अपने गांव आई तो ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ उसका जोरदार स्वागत किया। अदिति ने गांव की सिद्धपीठ माँ शाकंभरी देवी के मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन किए। पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ठा. रामनाथ सिंह सहित ग्रामीणों ने उसे उपहार भेंट करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने व ग्रामीणों ने कहा कि यह पूरे गांव के लिए गौरव की बात है। गांव की बेटी ने अपना व गांव का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।