देवबंद (सहारनपुर)। डॉ. कफील खान ने कहा गोरखपुर के अस्पताल में हुई बच्चों की मौत के लिए सरकार जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा अब मेरा मिशन देश के सभी वर्ग को मुफ्त में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
वर्ष 2017 में गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में हुई 60 बच्चों की मौत के बाद सुर्खियों में आए डॉ. कफील खान शनिवार को देवबंद पहुंचे। यहां उन्होंने जमीयत उलमा ए हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी से मुलाकात की। मौलाना अरशद मदनी से मुलाकात करने के बाद डॉ. कफील खान ने दारूल उलूम का दौरा किया और वहां के पुस्तकालय में रखीं एतिहासिक पुस्तकों को देखा और उनकी जानकारी ली। यहां से वह वरिष्ठ सपा नेता कारी राव साजिद के हाईवे स्थित कार्यालय में पहुंचे। वहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता में प्रदेश सरकार पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में हुई बच्चों की मौत के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री और उनकी सरकार पर सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए डा. कफील खान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने उन्हें क्लीन चिट दे दी है, लेकिन इसके बाद भी प्रदेश सरकार उन्हें दोषी ठहराने पर तुली है।
उन्होंने कहा कि बुरे वक्त में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और जमीयत उलमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने उनका साथ दिया। इसके लिए वह उनके आभारी रहेंगे। डॉ. कफील खान ने कहा कि अब उनका मिशन देश के सभी वर्गों को मुफ्त चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने का है। इसके लिए देश के 13 राज्य के मुख्यमंत्रियों सहित डब्लूएचओ को प्रस्ताव भेजा है। इस दौरान डॉ. सलीमुर्ररहमान, जावेद खान, मलिक मोअज्जम आदि मौजूद रहे।