सिसौली से गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना होते भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सरकार किसानों की नहीं सुन रही है: नरेश टिकैत
सिसौली (मुजफ्फरनगर)। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों से बात करके इस आंदोलन को समाप्त करने का कोई हल निकाले। टिकैत शनिवार सुबह मासिक पंचायत में शामिल होने के लिए किसानों के साथ दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए।
इस दौरान चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर लगभग पांच महीने से किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार किसानों की नहीं सुन रही है। महामारी के चलते गृह मंत्रालय ने किसान नेताओं को एक सप्ताह में अपना आंदोलन समाप्त करने के लिए कहा है। इस पर चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों से बात करके इस आंदोलन को समाप्त करने का कोई हल निकाले। बल प्रयोग करके तो सरकार किसी की भी आवाज को दबा सकती है, जो कि लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। किसानों ने बॉर्डर पर अपने घर बनाए हुए हैं। किसान कोविड नियमों का पालन करते हुए बॉर्डर पर अपने घरों में रह रहे हैं। चौधरी नरेश टिकैत ने बाबा काली सिंह मंदिर पर आयोजित हवन में भाग लिया। इसके बाद अपने काफिले के साथ गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए। गाजीपुर बॉर्डर के लिए उनके साथ तीन गाड़ी व एक बस गई। चौधरी वीरेंद्र लाटियान, रेशपाल आक्खी, राजेंद्र मेंबर, अनिल, विशाल बालियान, अनंगपाल आदि दिल्ली गए हैं।