राकेश टिकैत के अपमान पर सरकार माफी मांगे: मलिक
मुजफ्फरनगर। कांग्रेस नेता पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के अपमान पर सरकार को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देने के लिए 20 फरवरी को जीआईसी के मैदान में किसानों की रैली की घोषणा की।
कृष्णापुरी में अपने आवास पर कांग्रेस और बघरा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि भाजपा सरकार ने किसान नेता राकेश टिकैत का अपमान किया है। इस अपमान से सभी किसानों में आक्रोश है। भाजपा को इस पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के समर्थन में और भाजपा को चेतावनी देने के लिए 20 फरवरी को जीआईसी के मैदान में किसान रैली होगी। इस रैली कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। किसानों के संघर्ष में कांग्रेस पूरी तरह साथ है। इस अवसर पर पूर्व विधायक पंकज मलिक ने कहा कि इस समय पूरे देश का किसान एकजुट हो रहा है। केंद्र सरकार को तीनों कानून वापिस लेने होंगे। अध्यक्षता ब्रजभूषण गर्ग एवं संचालन राजकिशोर शर्मा ने किया। बैठक में यशपाल सिंह, याकूब चौधरी, इंद्रवीर सिंह, हरिओम चेयरमैन, विपिन प्रधान, ओमवीर बालियान, आसिफ मियां, कल्लू प्रधान, कृष्णपाल, अमरीश त्यागी, अशोक त्यागी, डॉ धर्मपाल सैनी, रमेश कश्यप, रमेश सैनी आदि मौजूद रहे।