सोमवार से गोल्डन टेंपल और जन शताब्दी चलेगी
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के चलते रेलवे स्टेशन पर दो माह से पसरा सन्नाटा सोमवार को खत्म हो जाएगा। चार ट्रेनों का संचालन होने से स्टेशन की रौनक और चहल पहल लौट आएगी। एक जून को स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही स्टेशन पर देखने को मिलेगी। रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने ट्रेन संचालन और यात्रियों के आने-जाने को लेकर अपनी तैयारी कर ली है।
कोरोना से बचाव के लिए गत 25 मार्च से देश में लॉकडाउन घोषित कर दिया था। 27 मार्च के बाद यहां पर कोई भी यात्री ट्रेन नहीं आई। उसके बाद से स्टेशन सुनसान पड़ा है। इसी बीच यहां दो श्रमिक ट्रेन जरूर आई। दो माह बाद अब सोमवार एक जून से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की चहल पहल देखने को मिलेगी। स्टेशन मास्टर विपिन त्यागी ने बताया कि रेलवे ने अमृतसर-मुंबई के बीच चलने वाली गोल्डन टेंपल स्पेशल और दिल्ली-देहरादून चलने वाली जन शताब्दी स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन चलाने की घोषणा की है।
वेंडरों को भी मिलेगा काम
मुजफ्फरनगर। दो माह से ट्रेन नहीं आने के कारण स्टेशन पर चाय, नाश्ता, बुक आदि की बिक्री करने वाले वेंडर का काम भी बंद पड़ा है। अब चार यात्री ट्रेन आने उन्हें भी काम मिलेगा। हालांकि अभी वो सील पैक सामान ही बेच पाएंगे।
यात्रियों को होना होगा क्वारंटीन
मुजफ्फरनगर। स्टेशन पर आने जाने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ स्वास्थ्य की चेकिंग होगी। बाहरी प्रांतों और जिलों से आने वाले यात्रियों को 14 दिनों तक क्वारंटीन किया जाएगा।
रेलवे को करीब दो करोड़ का नुकसान
मुजफ्फरनगर। अप्रैल और मई माह में रेल संचालन बंद होने से रेलवे को करीब दो करोड़ के राजस्व की हानि हुई है। मुख्य टिकट सुपरवाइजर मोहम्मद फारूक ने बताया कि बीते दो माह में यहां से रेलवे को करीब दो करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। गत वर्ष 2019 में अप्रैल माह में यहां से 295909 यात्रियों ने रेल यात्रा की थी और 9381764 रुपये के टिकट बिके थे। मई माह में 254073 यात्रियों ने यहां से यात्रा की और 7919671 रुपये के टिकट बिके थे। इस साल दोनों महीने रेल संचालन बंद रहा। 22 मई से आरक्षण शुरू हुआ, जिसमें 25 हजार रुपये आए तथा 22 हजार रुपये रिफंड में चले गए।
रोडवेज ने भी तैयारी पूरी की
मुजफ्फरनगर। एक जून से रोडवेज की बस चलाने की भी घोषणा परिवहन विभाग के अफसरों ने की है। यहां डिपो पर भी बस संचालन की तैयारी कर ली है, मगर अभी तक यह गाइड लाइन नहीं आई कि बसें कैसे चलाई जाएगी। एआरएम संदीप अग्रवाल ने बताया कि हमारी तैयारी पूरी है। बसें और स्टाफ तैयार है। शासन की गाइड लाइन के मुताबिक बसों का संचालन किया जाएगा।