छात्राओं ने मनमोहक रंगोली सजाकर दिखाई प्रतिभा
देवबंद/तलहेड़ी बुजुर्ग (सहारनपुर)। श्री गांधी वैदिक इंटर कॉलेज में चल रहे समर कैंप में मंगलवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं ने विभिन्न रंगों से मनमोहक रंगोली सजाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य ओमनाथ ने बताया कि समर कैंप 28 मई तक चलेगा। इसमें छात्रों को संगीत, नृत्य, रंगोली सजाना, कुकिंग समेत अन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन से छात्रों का मानसिक विकास बढ़ता है। प्रतियोगिता में कक्षा 11बी की रंगोली सर्वोत्तम रही। इस दौरान जावेद सिंह, पायल, सना, सानिया, दिपांशी, काजल अनु, प्रीति, मनीषा, पवन कुमार, सतेंद्र कुमार व अनुज आदि रहे।
उधर, तलहेड़ी बुजुर्ग स्थित जनता हायर सेकेंडरी स्कूल में समर कैंप में दूसरे दिन छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया गया। योग शिक्षक मुकेश नागर ने छात्रों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार आदि क्रियाओं का अभ्यास कराया। प्रबंधक मुकेश त्यागी ने बताया कि 28 मई तक चलने वाले समर कैंप में अन्य गतिविधियों के साथ ही कबड्डी, मेहंदी, रंगोली आदि का आयोजन भी होगा।