ब्रह्मलीन योगी महाराज को भू समाधि दी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। गुरु गोरखनाथ के भक्त योगी बाबा गुरु कंवरनाथ शुक्रवार की रात को ब्रह्मलीन हो गए। पंथ परंपराओं के अनुसार संतों की उपस्थिति में उन्हें भू समाधि दी गई। भारी संख्या में अनुयायियों ने ब्रह्मलीन योगी के दर्शन किए।
कस्बा भोकरहेड़ी स्थित दरगाह शिव मंदिर के सेवक योगी बाबा कंवरनाथ महाराज के ब्रह्मलीन हो जाने की खबर से शोक की लहर दौड़ गई। योगी बाबा गुरु गोरखनाथ के पुजारी थे। कस्बे के कई स्थानों पर योगी संत ने अनेक साधनाएं की, धूना लगाकर अग्नि तपस्या व तेज ठंड के बीच ठंडे पानी में स्नान, योग साधना सहित योगी संत ने वर्षा कराने के लिए अनेकों बार पर्जन्य यज्ञ तथा अखंड तपस्या की। प्राचीन वैदिक परंपराओं के साथ जीवन व्यतीत करने वाले सिद्धि प्राप्त संत को सादगी के लिए जाना था। भारी संख्या में अनुयायियों ने उनकी अंतिम यात्रा में भाग लिया। ब्रह्मलीन योगी बाबा कंवरनाथ को बहुपुरा के जंगल में भू समाधि दी। योगी बाबा के गुरु सुखदेव नाथ ने मंत्रोच्चारण के बीच समाधि दी। इस अवसर पर राजवीर सिंह अमीन, बीरसिंह, धर्मपाल सिंह, बिजेंद्र लंबरदार, विनोद बाबा, डॉ. हरपाल पंवार, दलवीर सिंह, डा. खुशनसीब, राजकुमार, ओमवीर, राजेश चेयरमैन, योगेंद्र, रविंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।