संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना। मिशन शक्ति अभियान व साइबर अपराध के बारे में जानकारी देने के लिए पुलिस ने सोमवार को एसडी पब्लिक स्कूल व लाला जगदीश प्रसाद इंटर काॅलेज जानसठ रोड पर दो अलग अलग कार्यक्रम आयोजित किए।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को ट्वीटर सेवा, डॉयल-112, हेल्प लाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्प लाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेन्टर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102, एंबुलेंस सेवा-108 आदि के बारे में जानकारी दी। महिला केंद्रित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि की भी जानकारी दी। साइबर अपराध के बारे में भी जागरूक किया। इस दौरान साइबर थाना प्रभारी सुल्तान सिंह भी मौजूद रहे।
उधर बुढ़ाना के फुगाना थाना की एंटी रोमियो टीम ने किसान इंटर कॉलेज खरड की छात्राओं से वार्ता कर उन्हें मिशन शक्ति 5 के अंतर्गत जागरूक किया। छात्राओं को विभिन्न टोल-फ्री नंबरों जैसे 1090, 1930, 112, 1098, 101, 102 व अन्य हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। सरकार की महिला कल्याण संबंधी चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी गई।
वहीं डीएवी डिग्री कालेज में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा मिशन शक्ति के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम अधिकारी जोनी कुमार ने छात्र-छात्राओं को महिला अपराधों को लेकर जागरूक किया। मिशन शक्ति पोस्टर प्रतियोगिता में स्वयंसेवक व स्वयंसेविकाओं ने बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं, कन्या भ्रूण हत्या, सशक्त नारी व दहेज प्रथा आदि विषय पर पोस्टर बनाकर अपनी अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। प्रतियोगिता में 22 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर डाॅ़ निधि स्वामी, नरेंद्र कुमार व संजीव सोम आदि मौजूद रहे।