मंसूरपुर में भाकियू ने मुआवजा दिलाए जाने सहित कई अन्य मांगों को लेकर घासीपुरा रेलवे फाटक के पास किसान पंचायत की। इस दौरान भाकियू नेता चंद्रपाल फौजी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर रेलवे ट्रैक पर धरना देकर बैठ गए और रेलवे ट्रैक उखाड़ने की चेतावनी दे दी। जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बमुश्किल समझा-बुझाकर फौजी को रेलवे ट्रैक से उठाया। किसान पंचायत को लेकर मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। एडीएम और रेल अफसरों के आश्वासन पर पंचायत समाप्त हुई।
भाकियू कार्यकर्ता और किसान पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चंद्रपाल फौजी के नेतृत्व में बुधवार सुबह 11 बजे गांव घासीपुरा के रेलवे फाटक पर आयोजित किसान पंचायत में पहुंचने शुरू हो गए थे। भाकियू नेता चंद्रपाल फौजी अपनी मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर धरना देकर बैठ गए। फौजी ने रेलवे ट्रैक उखाड़ने की चेतावनी दी तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर फौजी को रेलवे ट्रैक से उठाया।
इसके बाद उन्होंने किसान पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे ने जिन किसानों की भूमि अधिग्रहीत की है। उनको एनसीआर की दर पर एक समान मुआवजा दिलाया जाए और किसानों के परिवार से एक सदस्य को रेलवे में नौकरी दी जाए। गांव सोंटा और घासीपुरा रेलवे फाटक पर बनाए जा रहे अंडरपास की ऊंचाई 20 फुट और चौड़ाई 25 फुट होनी चाहिए। अंडरपास की चौड़ाई और ऊंचाई इतनी कम है कि किसानों की गन्नों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां नहीं निकलतीं।
जब तक इसका समाधान नहीं होगा, तब तक भाकियू अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू नहीं करने देगी। फौजी ने कहा कि मुआवजा डीएम, एडीएम एवं एसडीएम किसानों को साथ लेकर तय करेंगे। इस दौरान किसी भी बिचौलिए को शामिल नहीं किया जाए। किसान पंचायत में एडीएम प्रशासन मनोज कुमार एवं रेलवे अधिकारी जीपी गोयल पहुंचे। इन दोनों अधिकारियों ने सभी मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। पांच घंटे बाद किसान पंचायत समाप्त हो सकी, तब कहीं जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
किसान पंचायत के दौरान एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ हरिराम यादव, जीआरपी, आरपीएफ, थाना खतौली, मंसूरपुर, रतनपुरी, सिखेड़ा का पुलिस फोर्स सहित भारी पीएसी बल मौजूद रहा। अध्यक्षता इदरीश ने तथा संचालन अनुज पहलवान एवं विकास बालियान ने संयुक्त रूप से किया। किसान पंचायत में अशोक राठी, कृपाल सिंह, बिट्टू ठाकुर, अंतरवीर, नवीन चौधरी, संजीव राठी, अमित राठी, मोनू गायक, लक्ष्मण सिंह, रणधावा सैनी, सलोनी, एकता, संजय राठी, कादियान खाप के चौधरी जगपाल सिंह, पंकज राठी, पप्पू राठी, इमरान, विकास बालियान, इमरान, कासिम आदि मौजूद रहे।
भीड़ से निपटने को प्रशासन सतर्क रहा
मंसूरपुर। गांव घासीपुरा के रेलवे फाटक पर आयोजित किसान पंचायत की भीड़ से निपटने के लिए प्रशासन ने पूर्व में ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इस दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पंचायत को लेकर पुलिस अधिकारियों के अलावा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।