गणेश यात्रा में झूमते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
नगर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे श्री सिद्धि विनायक गणेश महोत्सव संपूर्ण हो गए। मंगलवार को नगर में गणेश प्रतिमाओं की भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। बुधवार को हरिद्वार में गंगा में विधि विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।
बीते दस दिनों से श्री गणपति धाम नई मंडी, सनातन धर्म सभा भवन, हनुमान मंदिर, पंचमुखी मंदिर, फ्रेंड्स कॉलोनी के शिव मंदिर आदि स्थानों पर श्रीगणेश महोत्सव चल रहे थे। जो मंगलवार को पूरे हो गए। हनुमान मंदिर और पंचमुखी मंदिरों से श्री गणपति की मूर्तियों की विसर्जन यात्राएं निकाली गई। बैंडबाजों और धार्मिक झांकियाें के साथ निकाली गई यात्रा में गणपति की मूर्तियां विराजमान रही।
श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरिया की भक्ति में अबीर गुलाल उड़ा कर झूमते नाचते गाते चल रहे थे। नगर परिक्रमा के उपरांत मूर्तियों का विसर्जन किया गया। उधर, नई मंडी के श्री गणपति धाम में भी मूर्तियों का विसर्जन यज्ञ हवन कराया गया। मुख्य यजमान समाजसेवी भीमसेन कंसल सपत्नीक समेत 18 दपंति यज्ञ में शामिल हुए। सभी यजमानों ने पूजा अर्चना की। यज्ञ में पूर्णाहुति दी। पुल्कित, सतीश, अमित, अंकित आदि मौजूद रहे। बुधवार को यहां प्रतिष्ठित की गई सभी मूर्तियों को हरिद्वार ले जाकर गंगा में विधि विधान से विसर्जन किया जाएगा।