मंसूरपुर गन्ना समिति के मुख्य द्वार पर ताला लगाते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर गन्ना समिति द्वारा गन्ना सप्लाई को खतौली त्रिवेणी शुगर मिल से जोड़ देने के विरोध में किसानों ने समिति पर ताला जड़ दिया और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। चेतावनी दी कि शनिवार को गन्ना समिति पर आयोजित किसानों की महापंचायत में आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
गांव नावला के करीब 350 किसानों की गन्ना सप्लाई को गन्ना समिति ने खतौली के त्रिवेणी शुगर मिल से जोड़ दी है। जबकि किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष उन्होंने मंसूरपुर शुगर मिल में गन्ना सप्लाई किया था और इस पेराई सत्र में भी वे मंसूरपुर को ही गन्ना सप्लाई कर रहे थे। इसके विरोध शुक्रवार को दस बजे के करीब समिति के डायरेक्टर भूपेंद्र राठी, गन्ना परिषद के चेयरमैन श्यामपाल के नेतृत्व में किसान एकत्र होकर गन्ना समिति पर पहुंचे।
आक्रोशित किसानों ने समिति में हंगामा कर दिया। सचिव अनिल गुप्ता किसानों का गुस्सा भांपकर चुपचाप समिति से खिसक गए। किसानों ने सभी कर्मचारियों को बाहर निकालकर समिति पर ताला लगा दिया और प्रांगण में कर्मचारियों को बंधक बनाकर बैठ गए। किसानों ने करीब तीन घंटे तक समिति में प्रदर्शन किया।
किसानों ने चेतावनी दी कि शनिवार को समिति में किसानों की महापंचायत आयोजित की जाएगी। जिसमें डीसीओ को बुलवाया जाएगा और समिति के सचिव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की जाएगी। जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी शुरू किया जाएगा। मौके पर सुधीर त्यागी, बिजेंद्र, नरेश त्यागी, रोहित, संजीव त्यागी, मुकेश, सोनू, महेश, अश्वनी त्यागी, प्रमोद, गुल्लू, विनोद, प्रवेश आदि किसान शामिल रहे।