सोनू सक्का गिरोह पर लगाई गैंगेस्टर
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने मिमलाना रोड पर करीब दो माह पूर्व हुए आसिफ हत्याकांड में शामिल महमूदनगर निवासी सोनू सक्का व उसके गिरोह के सदस्यों को गैंगेस्टर में निरुद्ध किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड पर करीब दो माह पूर्व महमूदनगर निवासी आसिफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दुस्साहसिक तरीके से हत्यारोपियों ने ही आसिफ के भाई को कॉल कर उसकी मौत की जानकारी दी थी। मामले में आसिफ के परिजनों ने सोनू सक्का व उसके भाई नसीम समेत आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने इस मामले में बृृहस्पतिवार को सोनू सक्का व उसके गिरोह के आठ आरोपियों को गैंगस्टर में निरुद्ध किया है। इनमें महमूदनगर निवासी सोनू सक्का व उसका भाई नसीम, गांव दधेड़ू कलां निवासी मनव्वर उर्फ बब्बल व गुलजार, गाजियाबाद के अशोक विहार निवासी इजहार हसन, मोहल्ला लद्दावाला निवासी निसार उर्फ पिन्नू व सलमान उर्फ मोनू और हरियाणा प्रांत के जिला सोनीपत के मोहल्ला पटेलनगर निवासी अहमद शामिल हैं।