भोपा। क्षेत्र के एक गांव में युवती को पड़ोसी महिला ने बृहस्पतिवार शाम बहाने से घर बुलाकर घर के कमरे में दो युवकों के साथ बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। दोनों युवकों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया और फरार हो गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसे बंधनमुक्त किया, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन घर पर ही कपड़े सिलाई का काम करती है। आरोप है कि पड़ोसी की एक महिला ने बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे अपने बच्चों को भेजकर कपड़े सिलवाने के बहाने से उसको घर बुलवाया था। जब वह महिला के घर पहुंची तो वह उसे बहाने से छत पर बने एक कमरे में ले गई और उसे दो युवकों के साथ बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। आरोप है किदोनों युवकों ने जान से मारने की धमकी देकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
जब काफी देर तक भी युवती घर न लौटी तो परिजन उसकी तलाश में महिला के घर पहुंचे, जहां उसे ऊपर के कमरे में दो युवकों के साथ बाहर से बंद पाया। पूछताछ में पीड़िता ने पूरी घटना बताई। ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे धमकी देकर फरार हो गए। इस पर युवक पीड़िता को लेकर देर रात थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।