मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने संगीत की धुनों पर डांस से समां बांध दिया। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव कुमार बालियान ने कहा कि देश का भविष्य संवारने में शिक्षकों की अहम भूमिका है।
सरकुलर रोड स्थित स्कूल में आयोजित पैनोरमा-2015 में मुख्य अतिथि डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि बच्चे कल के भारत हैं। शिक्षक के सही माग दर्शन से ही विद्यार्थी के जीवन का निर्माण होता है। इंडियन बैंक के जोनल मैनेजर आरबाला सुब्रहमण्यम ने कहा कि वैश्विक द्रष्टिकोण से बच्चों को शिक्षा की आवश्यकता है। युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और सभ्यता के प्रति भी जिम्मेदार बनें। संस्था के चेयरमैन सतीश चंद गोयल एवं संस्था सचिव सुरेंद्र कुमार सिंधी ने अतिथियों का सम्मान किया।
प्रधानाचार्य जीबी पांडेय ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इससे पूर्व गुरु और सरस्वती वंदना से बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का श्री गणेश किया। राजस्थानी नृत्य की प्रस्तुति में छोटे बच्चों का उत्साह सराहनीय रहा।
छात्र-छात्राओं ने कॉमेडी शो से आगंतुकों को खूब गुदगुदाया। छात्राओं ने रिंग के माध्यम से हवा में प्रतिभा दिखाई। गुजराती संस्कृति और कला के विविध रंग प्रस्तुत किए गए। पुरुषोत्तम सिंघल, अमृतलाल गोयल, धर्मपाल सिंघल, वैभव गोयल, कुंज बिहारी अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल आदि रहे।