खतौली। बस में सवार चार युवकों ने लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपी युवकों ने लड़कियों के पिता को मारपीट कर घायल कर दिया। परिवार के लोगों ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवकों को गिरफ्तार की मांग को लेकर पुलिस का घेराव किया।
गांव करहेड़ा निवासी अपनी पत्नी, बेटियोें और भतीजे के साथ गांव खेड़ी कुरेश अपनी रिश्तेदारी से बुधवार को प्राइवेट बस द्वारा खतौली आ रहा था। गांव रसूलपुर कैलोरा गांव से चार युवक बस में सवार हुए। इन युवकों ने बस में चढ़कर लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी।
ग्रामीण ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसको बस में ही मारपीट कर घायल कर दिया। बस में सवार अन्य यात्रियों ने भारत की जान बचाई। पीड़ित अपनी पत्नी व लड़कियों तथा परिवार के लोगों को साथ लेकर थाने में पहुंचा। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवकों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग को लेकर पुलिस का घेराव किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन देकर पीड़ित परिवार को शांत किया।