देवबंद। नगर व देहात में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते शासन द्वारा साप्ताहिक लॉकडाउन की घोषणा के बाद स्थानीय प्रशासन ने फल व सब्जी मंडी भी बंद करने का निर्णय लिया है। इसकी घोषणा शनिवार को मंडी प्रधान सुलेमान फारूकी द्वारा की गई।
पुलिस व मंडी प्रशासन ने लोगों को मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति भी जागरूक किया। मंडी प्रधान सुलेमान फारूकी ने बताया कि सभी किसान, व्यापारी व आढ़तियों के साथ पुलिस प्रशासन की बैठक हुई। जिसमें संक्रमण के रोकने व शासन द्वारा लगाए गए साप्ताहिक लॉकडाउन पर चर्चा की गई। फारूकी ने कहा की इस समय रमजान व नवरात्र चल रहे हैं ऐसे में लोगों को फल व सब्जी की जरूरत होती है, लेकिन इस महामारी से बचाव भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि बैठक में रेलवे रोड चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने सभी से अपील की है कि शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन कर संक्रमण से बचाव करें, साथ ही मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।