संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। खेती और फलों का बाग लगाने के नाम पर निवेश कराने का झांसा देकर 1.84 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर थाना नई मंडी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के सर्कुलर रोड निवासी अंकित कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि चंडीगढ़ के सेक्टर-8 निवासी पुनीत नंदा और उसकी पत्नी श्वेता नंदा उसके पिता के परिचित थे। दोनों ने वर्ष 2017 में आंध्र प्रदेश के सत्यसाई जनपद में कृषि भूमि खरीदकर उस पर फलों का बाग लगाने की लाभदायक योजना बताई।
उनकी बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने अपने परिजनों और रिश्तेदारों को भी योजना में निवेश के लिए तैयार किया।
आरोप है कि पुनीत नंदा, उसकी पत्नी श्वेता नंदा, दिल्ली के आनंद निकेतन निवासी विशाल धीर व लुधियाना के गुरुदेव नगर निवासी सन्नी धीर ने मिलकर वर्ष 2017 से सितंबर 2018 के बीच करीब 1.84 करोड़ रुपये निवेश के नाम पर ले लिए।
जब अंकित ने आंध्र प्रदेश जाकर संबंधित भूमि के बारे में पता किया तो जमीन सरकारी पट्टे की निकली।
इसके बाद उसने रकम वापस मांगी *तो* आरोपियों ने कथित रूप से उसे धमकी दी।
पुनीत नंदा के खिलाफ पहले भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। वह वर्तमान में जिला कारागार मुजफ्फरनगर में बंद है।
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर तथ्य जुटाए जा रहे हैं।