मुजफ्फरनगर। नगर निवासी एक विधवा महिला को गैर समुदाय के शादीशुदा व्यक्ति ने नाम बदल कर इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर फंसा लिया। तीन साल तक उसका यौन शोषण किया और धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शहर कोतवाली की एक कॉलोनी निवासी महिला विहिप नेता ललित माहेश्वरी आदि के साथ एसएसपी कार्यालय पर पहुंची और बताया कि उसके पिता व पति नहीं है। वह अपने बच्चों का नौकरी कर पालन कर रही है। तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर खतौली निवासी युवक समीर शर्मा से उसकी दोस्ती हुई थी। उसने शादी का झांसा देकर उसका तीन साल तक यौन शोषण किया। कुछ दिन पहले उसे पता चला कि वह समीर शर्मा नहीं, हाजी नौशाद है। उसके दो बच्चे हैं। उसने दूरी बनाई तो आरोपी ने यह कहते हुए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया कि वह बच्चोंं को नुकसान पहुंचाएगा।
डर कर मिलने पहुंचने पर उसने कोल्ड डि्रंक पिलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो व फोटो बना लिए, जिन्हें वायरल करने की धमकी दे रहा है। वह जहां नौकरी करती है, वहां जाकर हंगामा करता है। अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल करता है। उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहा है। बताने के बाद भी उसकी पत्नी उसका साथ दे रही है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के आदेश दिए। सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर खतौली निवासी आरोपी समीर उर्फ नौशाद को रामपुरी तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसका चालान किया है।
यशवीर महाराज ने दी थी चेतावनी
बघरा योग आश्रम के संचालक यशवीर महाराज ने चेतावनी दी थी कि यदि आरोपी को सात दिन में गिरफ्तार नहीं किया तो वह आरोपी के घर के बाहर धरना देंगे।