जिले में बूंदाबांदी से बढ़ी ठंडक
मुजफ्फरनगर। बृहस्पतिवार की रात और शुक्रवार सुबह हुई बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। दोपहर में धूप निकली लेकिन शाम को एक बार फिर बादल छा गए। इससे बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
कई दिन से बढ़ रहे तापमान के बाद बृहस्पतिवार की रात बादल छा गए। रात में बूंदाबांदी शुरू हो गई जो शुक्रवार दोपहर तक जारी रही। लॉकडाउन में सुबह छह से नौ बजे तक लोगों को सामान खरीदने की छूट दी गई है। इस दौरान लोग बूंदाबांदी के बीच ही सामान खरीदने के लिए निकले। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आ गई है। अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री तथा न्यूनतम 17.2 डिग्री रिकार्ड किया गया जबकि बारिश 1.8 मिमी हुई। दोपहर में धूप निकली लेकिन शाम को एक बार फिर बादल घिर आए। मौसम में आए बदलाव से ठंडक बढ़ गई है।